सड़क पर खर्च होंगे 15 करोड़

दुलैहड़ (ऊना)। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को 15.15 करोड़ की लागत से स्तरोन्नत होने वाली अजौली-लालूवाल सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डा. सिम्मी अग्निहोत्री भी उपस्थित थीं। औद्योगिक महत्ता की इस सड़क के निर्माण पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय 13 करोड़ रुपये खर्च करेगा, जबकि हिमाचल के उद्योग विभाग द्वारा इस पर 2.15 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने पहली किश्त के रूप में साढ़े छह करोड़ रुपये और हिमाचल उद्योग विभाग ने भी अपने हिस्से की राशि जारी कर दी है।
इस अवसर पर लालूवाल में जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद रिकॉर्ड नौ माह के भीतर इस सड़क की डीपीआर तैयार करवाने से लेकर केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय से इसकी मंजूरी हासिल करने के अलावा टेंडर करवाकर काम भी आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि इस सड़क का निर्माण कार्य के दौरान यह सुनिश्चित करें कि जन साधारण को कोई दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण में धन की कोई कमी आने नहीं दी जाएगी। सड़क के पहले चरण में लालूवाल से टाहलीवाल, टाहलीवाल से संतोषगढ़ और फिर संतोषगढ़ से अजौली तक सड़क को स्तरोन्नत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में जेजों-पालकवाह-टाहलीवाल सड़क को स्तरोन्नत किया जाएगा और बनखंडी-पंडोगा-झलेड़ा सड़क को स्तरोन्नत करने पर भी करोड़ों रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि लालूवाल में जल्दी ही बस अड्डे का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजौली-लालूवाल सड़क को स्तरोन्नत करते समय औद्योगिक नगरी टाहलीवाल का कायाकल्प किया जाएगा। उद्योगमंत्री ने कहा कि केंद्र ने हरोली के लिए चार करोड़ लागत का माडर्न हेल्थ रिसर्च यूनिट भी स्वीकृत किया है और इसके एमओयू पर भी हस्ताक्षर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह माडर्न हेल्थ रिसर्च यूनिट हरोली सिविल अस्पताल के साथ अलग से खुलेगा। उद्योगमंत्री ने ऐलान किया कि बीत क्षेत्र में पशु मंडी खोली जाएगी। इसके अलावा उन्होंने बीत क्षेत्र में एक खूबसूरत पार्क के निर्माण की घोषणा भी की, जो रात को रोशनियों से जगमगाएगा और इसमें लगे फव्वारे लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे।

Related posts