
संतोषगढ़ (ऊना)। एसवीएसडी कालेज भटोली में 26 सितंबर से कालेज के सरकारीकरण को लेकर एनएसयूआई एवं एसएफआई के साझे एससीए उपाध्यक्ष राहुल शर्मा की ओर से शुरू किए गए सांकेतिक अनशन ने वीरवार को राजनीतिक रूप ले लिया। प्रदेश सरकार के सामान्य उद्योग निगम के निदेशक एवं कांग्रेसी नेता संजीव सैणी ने भी कालेज पहुंच कर हड़ताल पर बैठे छात्रों का समर्थन करते हुए कालेज के सरकारीकरण मामले को प्रदेश सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। एनएसयूआई एवं एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसी नेता संजीव सैणी के नेतृत्व में कालेज प्रशासन एवं प्राचार्य के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। सैणी ने कालेज प्रशासन पर हड़ताल पर बैठे छात्रों के साथ तानाशाही किए जाने के आरोप जड़े। सैणी ने कहा कि भटोली कालेज प्रशासन पर भगवाकरण की राजनीति हावी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कालेज को सरकारी किए जाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की जाएगी। जिला परिषद के उपाध्यक्ष अवतार सिंह ने भी कालेज पहुंच कर सरकारीकरण मामले पर छात्रों का साथ देने की बात कही।
इस अवसर पर सैणी के साथ एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष रोहन द्विवेदी, बलविंद्र सिंह, अमरजीत, रोहित शर्मा, रजत कुमार, मोहित, तजेंद्र, अभिनव, वीरेंद्र व सौरभ सहित दूसरे छात्र भी मौजूद थे।
