हमीरपुर को फुटबाल का खिताब

सुजानपुर (हमीरपुर)। लड़कों की जिलास्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का सुजानपुर में समापन हो गया। समापन समारोह में नगर पंचायत सुजानपुर के अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में हॉकी में सुजानपुर ने सेरा को 4 गोल के अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। सुजानपुर ने पांच गोल किए, जबकि सेरा की ओर से एक गोल किया गया। फुटबाल के मुकाबले में सुजानपुर और हमीरपुर में कांटे की टक्कर हुई। हमीरपुर ने सुजानपुर को एक गोल से परास्त कर दिया है। हैंडबाल में चौरी ने महारल को हराया। बास्केटबाल में बगबाड़ा की टीम विजेता और टौणीदेवी की टीम उपविजेता रही। मुख्यातिथि ने 11 हजार रुपये की राशि ऐच्छिक निधि से दी। कार्यक्रम में स्कूल प्रधानाचार्य सुजानपुर प्रकाश ठाकुर, प्रदीप, पूनम खन्ना, कल्पना, बनीता, नरेश, संजीव आदि मौजूद रहे।

Related posts