
चंबा। डिग्री कॉलेज चंबा में शिक्षा ग्रहण कर रहे साहो क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों के विद्यार्थियों को बस किराए में की गई बढ़ोतरी की मार पड़ी है। इस क्षेत्र में सरकारी बस सुविधा न होने के कारण छात्रों को फ्री बस सुविधा तो पहले ही नहीं मिल पा रही है और अब बढ़े किराये ने उन पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। ये छात्र 20 से तीस किलोमीटर का सफर तय कर कॉलेज पहुंचते हैं। इसके चलते जैसे-तैसे ये छात्र निजी बसों से चंबा पहुंचते थे, लेकिन अब किराया बढ़ने से खासकर गरीब तबके के छात्रों के लिए आगे की पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो गया है। मंगलवार को इस समस्या को लेकर छात्र उपायुक्त संदीप कदम से मिले। उन्होंने उपायुक्त से साहो मार्ग पर सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग की है। विद्यार्थियों ने उनको मांगपत्र के माध्यम से बताया कि साहो क्षेत्र के लिए एक भी सरकारी बस नहीं जाती है और विद्यार्थियों को मजबूरन निजी बसों में सफर करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने बताया कि किराए की मुसीबत के चलते कुछ विद्यार्थियों ने पहले ही कॉलेज आना ही छोड़ दिया है। प्रदेश सरकार की ओर से किराए में की गई 30 प्रतिशत बढ़ोतरी ने मौजूदा समय में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों का बजट भी बिगाड़ दिया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी साहो मार्ग पर निगम की बस चलाने की मांग की जा चुकी है। विद्यार्थियों ने उपायुक्त से आग्रह किया कि साहो मार्ग पर चंबा से सांय चार बजे साहो के लिए बस चलाई जाए। इस मौके पर शिवानी शर्मा, विजय कुमार, कुलदीप सिंह, हितेंद्र, अनिता देवी, बबीता देवी, हीना कुमारी, संतोष कुमारी, सन्नी कुमार, राजेंद्र कुमार, विनोद कुमार, अंकित कुमार, हेमराज, पंकज, मनेश, अब्बास, भारती, दिशिका कुमारी, शीतल टंडन, कृतिका महाजन, शैलजा, रिशिका, मोनिका, रमन, भोपिंद्र, पुनीत कुमार, अजय सिंह, नीलम कुमारी, खुशबु, देविंद्र कुमार, राकेश कुमार मौजूद रहे। उधर, उपायुक्त संदीप कदम में विद्यार्थियों को जल्द उचित कार्रवाई अमल में लाने का आश्वासन दिया है।
इंसेट …….
हैड आफिस के आदेश जरूरी : आरएम
इस संबंध में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा ने बताया कि हैड ऑफिस से रूट पर बस सेवा चलाने के आदेश मिलते हैं तो साहो मार्ग पर बस चलाने के बारे में विचार किया जाएगा।
