
कुल्लू। मनाली के एक होटल में नौकरी करने पर भी उन्हें उनका हक नहीं मिल पाया। होटल मालिक मजदूरों को झूठा आश्वासन देकर अपना काम निकालता रहा। वेतन मांगने पर बार-बार आनाकानी करने से जब मजदूर तंग हो गए तो उन्होंने मंगलवार को डीसी कुल्लू से शिकायत की।
डीसी राकेश कंवर से मिलकर झारखंड निवासी रोहित सिंह, आनी के लगौटी निवासी राजेश कुमार, चमन लाल, नेपाली निवासी विजय रायमाझी और निरमंड के मोहर सिंह ने न्याय की गुहार लगाई है। डीसी को सौंपे शिकायतपत्र में मजदूरों ने बताया है कि वह मनाली के एक होटल में पिछले कई सालों से काम कर रहे थे। लेकिन होटल और रेस्तरां मालिक ने उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया।
डीसी कुल्लू ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एसपी और श्रम अधिकारी को इसकी जांच करने को कहा है। उपरोक्त सभी मजदूरों का आरोप है कि होटल मालिक उनका करीब डेढ़ लाख रुपये वेतन दबाकर बैठा है। इसमें झारखंड निवासी रोहित सिंह के करीब एक लाख, आनी के लगौटी निवासी राजेश कुमार के पांच माह के 13000, लगौटी निवासी चमन लाल के छह माह के 15000, नेपाली निवासी विजय रायमाझी के 33 हजार और निरमंड निवासी मोहर सिंह के तीन माह के 19 हजार रुपये हैं। डीसी राकेश कंवर ने कहा कि उनसे मनाली के एक होटल में काम करने वाले पांच युवक मिले थे। शिकायत पत्र मिला। पूरे मामले के जांच के आदेश दिए हैं। इस बारे एसपी और श्रम विभाग को लेटर जारी कर रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
