
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के अंबोटा में ग्रामीणों ने रात के समय घूम रहे दो संदिग्ध युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। दोनों युवकों की पहचान सचिन ठाकुर निवासी अंबोटा एवं प्रबल शर्मा निवासी सुल्तानपुर कुल्लू के रूप में हुई। पुलिस ने अवारागर्दी एवं हुड़दंग मचाने के आरोप में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी की अनुसार ग्रामीणों ने चोरी की अफवाहों के चलते रात को ठीकरी पहरा लगा रखा था कि इसी दौरान ग्रामीणों ने दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। दोनों युवकों एवं ग्रामीणों के बीच काफी देर तक कहासुनी तक हुई, लेकिन मौके पर पुलिस ने पहुंच कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र में इन दिनों प्रतिदिन फैल रही चोरी की अफवाहों एवं गोलीकांड से सभी क्षेत्रवासी जहां दहशत में हैं। चोराें की दस्तक से गांववासी काफी चौकस हो गए हैं। रात भर अपने-अपने इलाके में पहरा देने पर मजबूर हैं। गगरेट के थाना प्रभारी विश्वास वालिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि गत रात्रि दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर आईपीसी की धारा 107 एवं 151 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
