11 वरिष्ठ नागरिकों को मिला सम्मान

ऊना। स्थानीय टाउन हाल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला वरिष्ठ नागरिक फोरम के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि उपायुक्त अभिषेक जैन ने जिले के 11 वरिष्ठ नागरिकों को अलग-अलग कार्यक्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित किया। सम्मानित किए गए वरिष्ठ नागरिकों में ब्रिगेडियर चरण सिंह, कमला दत्ता, लीला देवी, लाजवंती देवी, हवलदार फतेह चंद, धनीराम, हेतराम, जीत राम, दिवान सिंह, एमएल शर्मा तथा समाजसेवी लाला फकीर चंद आंगरा शामिल हैं। इस अवसर पर उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में जिन बुजुर्गों ने अपने-अपने कार्यकाल में कार्यश्रेष्ठता के साथ अनुकरणीय कार्य किए हैं, वे अभिनंदनीय है। जैन ने बताया कि ऊना जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 16512 पेंशनरों को 56691885 रुपये का बजट का प्रावधान किया गया है। इसके तहत इस वर्ष 40314065 की राशि व्यय की जा रही है। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा अन्नपूर्णा योजना के तहत बेसहारा वरिष्ठ नागरिकों को दस किलोग्राम अनाज निशुल्क दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों को आयकर में 250000 की छूट प्रदान की है। सभी बैंकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को 0.5 प्रतिशत अधिक ब्याज प्रदान किया जा रहा है। भारतीय रेलवे में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी श्रेणियाें के किराये में 30 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। इंडिया एयरलाइन में बुजुर्गों को 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इस अवसर पर हिमोत्कर्ष के प्रदेशाध्यक्ष कंवर हरि सिंह, हिमोत्कर्ष गर्ल्स कालेज शिक्षा समिति के अध्यक्ष राणा शमशेर सिंह, एचआर वशिष्ठ, बीडी शर्मा, ब्रह्मानंद शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से कुलदीप दयाल एवं स्टाफ सदस्य तथा जिला भर से भारी संख्या में पहुंचे वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित थे।

Related posts