पीएचसी ही नहीं मिला तो सुविधा कैसी

लठियाणी (ऊना)। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं घरद्वार तक देने के सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जिले के लठियाणी में आज भी लोगों को इलाज के लिए दूरदराज क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है। कहने को स्वास्थ्य विभाग के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा लोगों को लठियाणी में दी गई है, लेकिन बरसों बाद भी अभी तक पीएचसी के लिए भवन निर्माण का मामला राजनीति का शिकार चलता आ रहा है। क्षेत्र की ग्राम पंचायतों लठियाणी, ढियूंगली, बुधान एवं तनोह के दुर्गम क्षेत्रों के लोगों के लिए पीएचसी लठियाणी खास महत्व रखता है। इन पंचायतों के लोगों को एक डिलीवरी के लिए भी 20 से 40 किलोमीटर का सफर तय कर अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों या क्षेत्रीय अस्पताल तक पहुंचना पड़ता है। फिलहाल पीएचसी लठियाणी का काम एक किराये के भवन में चल रहा है, जो बेहद छोटा होने के कारण लोगों को सेवाएं बेहतर ढंग से नहीं मिल पा रही।
ग्राम पंचायत प्रधान महेंद्र सिंह, गुरदेव सिंह सूरज, पूर्व प्रधान मेहर चंद, प्रकाश चंद, उप प्रधान रवि बैंस, किशोरी लाल, प्रकाश चंद, महिला मंडल अध्यक्ष तृप्ता देवी, कमला देवी, रोशनी देवी, अंजना कुमारी, राधा रानी, कमलेश कुमारी, पवना देवी, संतोष कुमारी, आशा देवी, अर्जुन सिंह, जनकराज, जुल्फी राम, प्रेम लाल, कृष्ण कुमार, सुदेश कुमार, जसवंत सिंह, प्यार सिंह, रत्न चंद, ओम प्रकाश, सतीश कुमार, अश्विनी कुमार व अमरनाथ सहित अन्य लोगों का कहना है कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को जल्द पूरा किया जाए।
उधर, लोनिवि मंडल बंगाणा के एक्सईएन डीएस देहल का कहना है कि जैसे ही स्वास्थ्य विभाग के भवन निर्माण के स्थान को हरी झंडी देता है, वैसे ही भवन निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

क्या कहते हैं विधायक
कुटलैहड़ के विधायक वीरेंद्र कंवर का कहना है कि उन्हाेंने भाजपा शासनकाल में पीएचसी भवन निर्माण को बजट उपलब्ध करवाया था। लोक निर्माण विभाग बंगाणा से इसके भवन निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए टेंडर भी लगवाया था, लेकिन स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने इस कार्य में बाधा डालकर स्टे करवा दी। उन्हाेंने कहा कि उन्होंने स्टे वापिस लेने का अनुरोध किया, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
मांग को जल्द पूरा करवाएंगे
कुटलैहड़ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी ने कहा कि वह इस बारे में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से बात करके क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को जल्द पूरा करवाएंगे।

Related posts