
कांगू (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत बढेड़ा के सासन में दो लोगों को मधुमक्खियों ने बुरी तरह से काट लिया। घायलों को गांववासियों ने उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांगू पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार राजेश कुमार बीते रविवार को बाजार से घर जा रहा था। रास्ते में मधुमक्खियों का छत्ता था जिसे बंदरों और पक्षियों ने छेड़ दिया था। इससे मधुमक्खियों ने राजेश पर हमला कर दिया। राजेश घर की तरफ भागा तो मधुमक्खियां भी घर तक पहुंच गईं। दूसरी ओर नेपाली लड़का गोलू जंगल से घर की ओर जा रहा था। उस पर भी अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। गांववासियों ने धुआं डालकर मधुमक्खियों को भगाया तथा नेपाली लड़के को बचाया। गांववासियों के सहयोग से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। दोनों को मधुमक्खियों ने काट लिया था।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डा. किरण कौशल, सहयोगी कांता देवी ने दोनों का उपचार किया। प्राथमिक उपचार के पश्चात दोनों की स्थिति में सुधार हो रहा है। डा. कौशल ने बताया कि दोनों लड़कों को मधुमक्खियों ने 25-30 डंक मारे थे। युवक और लड़के की पीठ, सिर, बाजू पर डंक मारे थे।
