सेब सीजन में 428 करोड़ का कारोबार

काईस (कुल्लू)। सेब उत्पादन में इस बार बागवानों ने ठीकठाक चांदी कूटी। सब्जी मंडियों में ही अभी तक 428 करोड़ रुपये से अधिक का सेब बिक चुका है। जिले की सब्जी मंडियों में इस साल विभिन्न वैरायटी के सेब की 16,58,732 से अधिक पेटियां पहुंचीं।
मार्केट बोर्ड ने ही मार्केट फीस के रूप में 4 करोड़ 28 लाख रुपये की कमाई की है। इन दिनों घाटी में सेब सीजन अंतिम चरण में है। अगले माह मंडियों में सनाटा पसर जाएगा। शुरू से लेकर अभी तक सेब की पेटी की कीमत में खास उतार चढ़ाव देखने को नहीं मिला है। मार्केट बोर्ड के मुताबिक इस बार प्रति पेटी 800 से 1200 रुपये के बीच तक बिकी है। इन दिनों कुल्लू का सेब 600-800 रुपये प्रति पेटी बिक रहा है। इसकी पुष्टि विपणन बोर्ड के सचिव प्रकाश कश्यप ने की है। जानकारी के अनुसार इस बार 97,61,289 पेटी सेब कुल्लू से बाहर भेजा जा चुका है।
प्रकाश कश्यप ने बताया कि इस बार कृषि मंडल विपणन समिति के प्रयासों और पर्याप्त सुविधा उपलब्ध होने से करीब 40 फीसदी से अधिक उपज मार्केट में आई है। किसानों को अच्छे दाम मिले हैं। लारजी और 15 मील में अस्थाई मार्केट शुरू की है। उन्होंने बताया कि इस बार सेब उत्पादकों को अच्छी कीमतें मिली हैं। उन्होंने बताया कि इस बार बागवानों की आर्थिक स्थिति में बढ़ोतरी हुई है।

Related posts