सड़क के नाम गुमराह कर रही कांग्रेस : भाजपा

जुब्बल (शिमला)। भाजपा मंडल जुब्बल कोटखाई नावर ने कांग्रेस सरकार पर ठियोग-हाटकोटी सड़क को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष लायक राम चौहान, महामंत्री गोपाल जबैईक, उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष चेत राम आजाद, प्रताप चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरबंस धोलटा, कृष्ण चंद मांटा, अशोक चौहान, प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष बलबीर ठाकुर, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण फाल्टा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अशोक जस्टा ने बताया कि जुब्बल कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर तथ्यहीन बयानबाजी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने चुनावी समय में जल्दबाजी में सड़क का टेंडर 228 करोड़ में चीनी कंपनी को दिया। सड़क के लिए फारेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया तक पूरी नहीं की गई थी। प्रभावित भूमि मालिकों को मुआवजा तक नहीं दिया गया था। बाद में चीनी कंपनी ने सड़क की दशा बिगाड़ी, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। भाजपा कार्यकाल के समय पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के प्रयासों से फारेस्ट क्लीयरेंस पूरी की गई। भूमि मालिकों को मुआवाजा दिया गया। भाजपा ने ही चीनी कंपनी का टेंडर रद करवाकर सड़क निर्माण के लिए फिर से बजट की मंजूरी ले ली थी। कहा कि जुब्बल कोटखाई विकास के क्षेत्र में बुरी तरह पिछड़ गया है। सेब कारोबार पर संकट छाया हुआ है। कांग्रेस मुख्य मार्ग पर 12 करोड़ रुपये खर्च करने का दावा कर रही है, लेकिन सड़क की स्थिति जस की तस है। 12 करोड़ रुपये कहां गए, इसका कोई हिसाब नहीं है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

Related posts