
मनाली। पूर्व मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश के 20 सूत्रीय कार्यक्रम के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर ने कहा कि यदि पार्टी आदेश देगी तो वे हमीरपुर से लोक सभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही हैं तथा पार्टी उन्हें जो भी आदेश देगी, वे उसे निभाने के लिए हर वक्त तैयार हैं। ठाकुर ने कहा कि भाजपा को नरेंद्र मोदी के बजाय अनुराग ठाकुर को प्रधानमंत्री का उम्मीदवार घोषित करना चाहिए, क्योंकि उन्होंने अपनी तुलना राहुल गांधी से की है। राम लाल ठाकुर ने यह बात अपने मनाली दौरे के दौरान अमर उजाला से विशेष बातचीत में कही। ठाकुर ने कहा कि गाडा मोडा से नैरचौक तक फोर लेन सड़क का निर्माण कार्य कंपनी के साथ हुए एग्रीमेंट के अनुसार तीन साल के भीतर पूरा हो जाएगा। बाईपास बनने से स्वारघाट और बिलासपुर तक एनएच को 6 करोड़ से संवारा जाएगा, जबकि भरमाणा से स्वारघाट तक 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जल्द ही नैरचौक से मनाली तक फोरलेन का काम आरंभ होगा। अन्न सुरक्षा योजना 2 अक्तूबर से पूरे प्रदेश में लागू होगी। इसके तहत प्रदेश के 37 लाख लोगों को सस्ता राशन मिलेगा।
