कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी टिप्स

बंगाणा (ऊना)। कुटलैहड़ ब्लाक कांग्रेस कमेटी की बैठक रविवार को लोनिवि के बंगाणा स्थित विश्राम गृह में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेश कुटलैहड़ कांग्रेस के पर्यवेक्षक प्रेम कौशल एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी ने भी मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के बारे में चर्चा की गई। इसमें कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं को यूपीए सरकार की स्कीमों को बूथ स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया। जिलाध्यक्ष ने भूमि अधिग्रहण मामले पर भी चर्चा की, जिसे कांग्रेस नेताओं ने किसानों के लिए फायदेमंद बताया है। उन्होंने वर्ष 2014 में होने वाले लोकसभा चुनावों के संदर्भ में भी कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए। इसमें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्र्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाने का आह्वान किया गया। बैठक के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने सबसे पहले सांबा में शहीद हुए सैनिकों के सभी परिवारों के प्रति संवेदना और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी ने कहा कि जल्दी ही प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कुटलैहड़ का दौरा करेंगे और विकास की गति को एक नई दिशा देंगे। इस मौके पर पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रामदास मलांगड़ एवं रामनाथ शर्मा, जिला परिषद सदस्य सत्या देवी, कर्नल धर्मेंद्र पटियाल, विवेक शर्मा, बलदेव कुटलैहड़िया, देसराज मोदगिल, एडवोकेट मनीष शर्मा, पीसीसी उर्मिला शर्मा, ज्ञान चंद शर्मा, कांगड़ा बैंक के निदेशक मनोहर शर्मा सहित कई गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts