नौकरी चाहिए तो हमीरपुर कॉलेज आएं

हमीरपुर। प्रदेश के युवाओं के लिए नौकरी के द्वार खुलने वाले हैं। फार्मा कंपनी हमीरपुर कॉलेज में चार अक्तूबर को रोजगार मेला लगाएगी। इसमें विज्ञान संकाय (मेडिकल/नॉन मेडिकल) में 60 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण छात्र भाग ले सकते हैं। इन्हें अंग्रेजी और हिंदी का आवश्यक ज्ञान होना चाहिए। 18 से 21 वर्ष की आयु के युवा रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। हमीरपुर कॉलेज का कैरियर काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल इसका आयोजन करेगा। चयनित युवाओं को दो साल के लिए 6000 रुपये प्रतिमाह मानदेय और निशुल्क रहने की सुविधा मिलेगी। दो साल के प्रदर्शन के आधार पर कंपनी युवाओं को आगे की पढ़ाई की सुविधा देगी। कैरियर काउंसलिंग सेल की प्रभारी प्रो. नीलू कंवर ने बताया कि फार्मा कंपनी डा. रेडीज लेबोरेटरी की ओर से पत्र मिला है। छात्रों को सूचित किया जा रहा है। कॉलेज सेल की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। प्रक्रिया सुबह 8:30 बजे कॉलेज परिसर में शुरू होगी। उधर, प्राचार्य पीसी पटियाल ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किया है। पात्र छात्र योग्यता के आधार पर चयनित होंगे। छात्रों को दो पासपोर्ट साइज फोटो, जन्मतिथि प्रमाण पत्र सहित शैक्षणिक प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे।

Related posts