मंडी-जाहू सड़क बहाल न हुई तो प्रदर्शन

मंडी। हिमाचल किसान सभा खंड कमेटी गोपालपुर ने मंडी से जाहू सड़क को जल्द बहाल करने की प्रदेश सरकार से मांग की है। सभा ने इस बारे में शनिवार को उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष बख्शी राम ने कहा कि मंडी से जाहू सड़क को चौड़ा करने का कार्य पूर्व की भाजपा सरकार ने शुरू किया था। जिसे दो साल में कलखर से जाहू तक पूरा किया जाना था, लेकिन यह कार्य भाजपा के पांच साल तक सत्ता में रहने पर भी पूरा नहीं हो पाया। अब कांग्रेस की सरकार के नौ महीने बीत चुके हैं, लेकिन सड़क का कार्य बंद पड़ा है। इस रोड से हर रोज सरकाघाट, जाहू, बलद्वाड़ा, हमीरपुर, ऊना, होशियारपुर और जालंधर की ओर जाने वाले सैकड़ों वाहनों को वाया पटड़ीघाट जाना पड़ता है। यह सड़क कम चौड़ी होने के कारण इस पर कई-कई घंटे जाम लगा रहता है। इसके अलावा कलखर से आगे ढलवान के बीच आने वाले गांव तमलेड़, मस्याणी, आम्बागलू, जखेहड़, गुम्हू, चौंक, मझवाण, तमराहण, करडहाण, वाहणू, कलथर और तुंग बताहल्ड़ी के लोगों को पैदल सफर करना पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल में किसान सभा क्षेत्रीय कमेटी के अध्यक्ष बख्शी राम, सदस्य अजय शर्मा, एडवोकेट दिनेश शर्मा, गोविंद राम, मानसिंह, बालम राम, परमानंद, जगन्नाथ शर्मा, सुमित्रा, दीनानाथ, हेमराज शर्मा, वीना देवी, अमीचंद, शेर सिंह, बसंत राम और जिला कमेटी सदस्य भूपेंद्र सिंह शामिल रहे। उन्होंने जिला प्रशासन को इस सड़क को 10 दिन में बहाल करने का अल्टीमेटम दिया है। वहीं, चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और लोनिवि ऐसा नहीं करता है तो सभा 7 अक्तूबर को अधिषाशी अभियंता लोक निर्माण विभाग सरकाघाट के कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी।

Related posts