
कांगड़ा। गगल के साथ सटे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढुगियारी में एक छात्र को उसके अध्यापक ने थप्पड़ मार दिया, जिससे उसका कान का परदा फट गया। लहूलुहान अवस्था में छात्र को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। छात्र ने अध्यापक के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। पुलिस ने अध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गगल के निकटवर्ती क्षेत्र रजोल निवासी छात्र संजय कुमार की ओर से अपने ही अध्यापक पर उसे थप्पड़ मारने का मामला दर्ज करवाया गया है। छात्र दसवीं कक्षा के सप्लीमेंटरी पेपर दे रहा है। सूचना है कि छात्र कई दिनों से स्कूल नहीं गया था। शुक्रवार को जब वह स्कूल आया तो उसके अध्यापक ने उसे बुलाया। छात्र को बुलाने के बाद अध्यापक ने उसके कान पर जोर का थप्पड़ रसीद कर दिया। थप्पड़ लगने के बाद छात्र लहूलुहान हो गया। उसके कान में गहरी चोटें आईं। इलाज के लिए छात्र को निकटवर्ती तियारा अस्पताल लाया गया। मामले की शिकायत पुलिस में की गई। छात्र का मेडिकल करवाया गया और बाद में पुलिस ने अध्यापक के खिलाफ धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ महिंद्र सिंह मिन्हास ने बताया कि पुलिस ने अध्यापक के विरुद्घ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
