
होली (चंबा)। होली-बजोली प्रोजेक्ट का काम स्थानीय महिलाओं ने फिर से बंद करवा दिया है। महिला मंडल की महिलाओं ने की नाला के पास जाकर परियोजना का काम रोक दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को परियोजना प्रबंधन की ओर से की नाला के पास मंक डपिंग साइट के लिए कंकरीट बिछाने का काम शुरू किया था। जैसे ही महिलाआें को इसकी भनक लगी तो वे शनिवार को एकत्रित होकर मौके पर पहुंच गई और काम को बंद करवा दिया। महिलाओं के मौके पर पहुंचते ही ठेकेदार व मजदूर निर्माण स्थल से भाग खड़े हुए। स्थानीय निवासी कमला देवी, अनीता, अंजू कांता, ममता, सुदर्शना, मधू, रेनू, सीता, रचना बीना, पिंकी, रेखा, राधा, सपना, कांता, मीरा और सावित्री ने बताया कि लेफ्ट बैंक से किसी भी सूरत में प्रोजेक्ट का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए भले ही उन्हें जेल क्यों न जाना पड़े। परियोजना प्रबंधन की ओर से रात को भी काम करने की सूचना मिल रही है। अगर प्रोजेक्ट रात के अंधेरे में काम करने की कोशिश करेगा तो महिलाएं रात को धरना प्रदर्शन करने से गुरेज नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर परियोजना प्रबंधन राइट साइड से प्रोजेक्ट टनल का निर्माण करता है तो स्थानीय लोग उनका सहयोग करेंगे, लेकिन लेफ्ट बैंक से किसी भी हालत में टनल का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि होली-बजोली प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय महिलाओं व प्रोजेक्ट प्रबंधन में विवाद चल रहा है। यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
