रोहतांग-मनाली की चाटियों पर हल्का हिमपात

मनाली। शुक्रवार देर रात को अचानक बदले मौसम से कुल्लू और लाहौल घाटी कूल-कूल हो गई है। रोहतांग सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा हल्का हिमपात होने से जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं जिला के निचले क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। मनाली के मुख्य पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा के अलावा मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, देऊ टिब्बा, हनुमान टिब्बा, हामटा पास, इंद्र किला, मांगण कोट, मनाली पास, शिरघन तुंग, भृगु लेक, दशौहर लेक, शेतीधार, व्यास कुंड सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। बीते दिनों से बदलता घाटी के मौसम से मनाली के व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे है और उम्मीद है कि इसी बहाने उनका दशहरा सीजन अच्छा रहेगा। मनाली होटलियर एसोसिएशन के सदस्य देवेंद्र नेगी ने कहा कि रोहतांग पास व अन्य पर्यटन स्थलों पर हुई बर्फबारी से आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।

Related posts