
बिझड़ी(हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के अंतर्गत पंचायत सहायकों की आठ नियुक्तियों में से पांच को रद कर दिया गया है। जिलाधीश ने यह नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से रद कर दी हैं। एक पद को नियुक्तियों के एक माह बाद ही रद कर दिया गया था।
गौर रहे कि पूर्व भाजपा सरकार के शासनकाल में पंचायत सहायकों के कुल आठ पदों की नियुक्तियां की गई थीं लेकिन लोगों ने इन नियुक्तियों का काफी विरोध किया था। विकासखंड कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन भी किया था।
क्षेत्र के लोगों ने पंचायत सहायकों की नियुक्तियों को लेकर तत्कालीन भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर भी प्रशभनचिन्ह लगाया था और मामले की जांच की मांग की थी। इसके चलते मामला हाई कोर्ट में पहुंचा। हाई कोई में न्यायाधीश ने मामले की समीक्षा के लिए उपायुक्त हमीरपुर को आदेश दिए। मामले की समीक्षा करते हुए उपायुक्त हमीरपुर राजेंद्र सिंह ने इन नियुक्तियों को गलत ठहराया। इसके चलते पांच पंचायत सहायकों की नियुक्तियों को रद किया गया है। इसके अतिरिक्त एक पंचायत सहायक के पद को नियुक्ति के एक माह बाद ही रद कर दिया गया था। इसके स्थान पर दूसरे नंबर पर रही अभ्यर्थी को पंचायत सहायक चुना गया था।
उधर, विकासखंड अधिकारी एचआर जोशी का कहना है कि आरक्षण नीति के तहत हाई कोर्ट ने जिलाधीश हमीरपुर को समीक्षा करने के निर्देश दिए थे। इसके चलते नियुक्तियों को गलत ठहराया गया। पांचों पंचायत सहायकों की नियुक्तियों को तुरंत प्रभाव से जिलाधीश द्वारा समाप्त कर दिया गया है।
