
भोटा (हमीरपुर)। मढ़ी से हरिद्वार जा रही हमीरपुर डिपो की बस (एचपी67ए 0247) भोटा के समीप खराब हो गई। इस कारण बस में सवार यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद दूसरी बस से यात्रियों को गंतव्य पर रवाना किया गया लेकिन ऊना जा रहे एनआईटी संस्थान के छात्रों की ट्रेन छूट गई। छात्रों ने ऊना से ट्रेन पकड़नी थी, उसके लिए आरक्षण भी किया गया था। छात्र दिल्ली परीक्षा देने के लिए जा रहे थे।
यात्रियों में रूप सिंह, संदीप कुमार, निशा देवी, जोगेंद्र, विक्की, इजाद, रमेश सिंह, सोहन लाल आदि का कहना है कि मढ़ी से हरिद्वार जा रही बस करीब पौने छह बजे भोटा के पास खराब हो गई। बस चालक की मानें तो बस में कोई इलेक्ट्रिक फाल्ट आ गया। बस खराब होने से करीब डेढ़ घंटे तक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस में एनआईटी हमीरपुर के करीब आधा दर्जन छात्र भी सवार थे। छात्रों ने ऊना से ट्रेन लेनी थी लेकिन बस के खराब होने से छात्रों की परेशानियां बढ़ गईं। यात्रियों ने निगम प्रबंधन से मांग की कि लंबे रूटों पर खटारा बसों को न भेजा जाए। उधर, आरएम प्रदीप कुमार का कहना है कि सूचना मिलते ही दूसरी बस को रवाना कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते बस खराब हुई है।
