
धनेटा (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत धनेटा कस्बे में एक व्यक्ति की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। व्यक्ति वीरवार देर रात घर से बाहर निकल कर कहीं जा रहा था।अचानक दीवार गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। यह सवाल बना हुआ है कि दीवार कैसे गिर गई।
जानकारी के अनुसार पवन कुमार निवासी धनेटा रात करीब साढ़े तीन बजे टार्च लेकर शिव मंदिर में माथा टेकने जा रहा था। इसी दौरान दुकान की पक्की दीवार पवन पर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि मलबे में कोई दबा है। टार्च भी जल रही थी। लोगों ने पवन कुमार को मलबे से बाहर निकाला लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के परिजनों की मानें तो पवन कुमार मंदिर में शीश नवाने जा रहा था। उधर, लोगों में केशव कपिल, पंचायत प्रधान सुभाष चंद, अजय विज, भारत भूषण, व्यापार मंडल प्रधान सुशील, ललिता कपिल, अनुज नंदा, अजय, गुरमेल आदि ने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा जारी किया जाए। पवन अपने पीछे पत्नी, बेटा और एक लड़की छोड़ गया है। पवन की मौत के बाद परिवार पर मुश्किलों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उधर, पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस छानबीन कर रही है। दीवार कैसे गिरी इसकी भी छानबीन की जाएगी।
