
हमीरपुर। तहसील कार्यालय हमीरपुर में सर्वर ठप होने के कारण प्रमाण पत्र नहीं बन पाए। शुक्रवार को करीब तीन दर्जन बच्चों को बिना प्रमाण पत्र बनवाए लौटना पड़ा। बच्चों और उनके अभिभावकों में संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर रोष देखने को मिला।
तहसील कार्यालय में प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे बच्चों राहुल, राकेश कुमार, विक्की, गुलशन, कृष्ण, राहुल, निखिल, विशाल, मोहित, रजत, हर्ष शर्मा, विक्रांत, गौरव, भागद्दीन, अली मोहम्मद, राजद्दीन, तनवीर खां, अंकित पटियाल, रिषभ राणा, रजनी, अभिषेक और आर्यन आदि का कहना है कि 29 सितंबर को जिला बिलासपुर में सेना की भर्ती है। सेना भर्ती में भाग लेने के लिए हिमाचली बोनाफाइड और चरित्र प्रमाण पत्र आदि बनवाने तहसील कार्यालय आए थे। लेकिन उनके प्रमाण पत्र नहीं बन पाए हैं। विभाग की मानें तो सर्वर ठप होने के कारण छात्रों के प्रमाण पत्र नहीं बन पाए। हालांकि कुछ देर के लिए सर्वर ठीक भी हुआ, जिससे कुछेक के प्रमाण पत्र बना दिए गए लेकिन उसके बाद प्रमाण पत्र नहीं बन पाए। कौशल विकास भत्ते के लिए अभ्यर्थियों ने आय प्रमाण पत्र बनवाने थे। इसके लिए महिला आईटीआई हमीरपुर की छात्राएं और दूसरे संस्थानों के छात्र तहसील कार्यालय पहुंचे थे लेकिन प्रमाण पत्र नहीं बनने से खाली हाथ लौटना पड़ा।
सर्वर बाधित होने के कारण समस्या पेश आ रही है। व्यवस्था ठीक होते ही समस्त छात्रों के प्रमाण पत्र बना दिए जाएंगे।
-यशवंत सिंह, नायब तहसीलदार, हमीरपुर
