नंबर प्लेट के लिए चक्कर पर चक्कर

अंब (ऊना)। वाहनों पर लगाई जाने वाली हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटों के जंजाल में वाहनों के मालिक बुरी तरह उलझते जा रहे हैं। हालत यह है कि एक वर्ष का अरसा बीत जाने के बाद अभी तक भी कई लोगों को नंबर प्लेट नहीं मिल सकी है। संबंधित कंपनी के कर्मचारियों से पूछे जाने पर उन्हें हर बार अगली तिथि दे कर भेज दिया जाता है। अंब उपमंडल के करीब 800 वाहनों पर अभी तक एचएसएन प्लेट लगना अभी बाकी है। वाहनों के मालिक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने वाली कंपनी के कार्यालय के चक्कर काटकर थक चुके हैं। राजेंद्र कुमार, महेश लट्ठ, अरुण सोनी, अजय धीमान, विक्रम सिंह, हरमेश चंद, सोहन लाल आदि ने बताया कि उन्हाेंने अपने वाहनों के लिए नंबर प्लेट लगाने के लिए पिछले वर्ष सितंबर-अक्तूबर माह में पैसे जमा करवाए थे, लेकिन वह आज तक प्लेटों के लिए उक्त दफ्तर के चक्कर लगा रहे हैं। कई बार पंजीकरण कार्यालय में इसकी शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। एसडीएम अंब सुखदेव सिंह का कहना है कि मामला ध्यान में है।

Related posts