
हमीरपुर। प्रदेश सरकार की कौशल विकास भत्ता योजना के तहत हमीरपुर में 10500 युवाओं को लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पांच करोड़ रुपये का प्रावधान कि या गया है। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में कहा कि कौशल विकास भत्ता योजना प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजना है। योजना 21 मई 2013 से शुरू की गई है। योजना की शर्तें युवाओं की समझ में नहीं आईं, इसके चलते कम युवाओं ने आवेदन भेजे। मात्र 14 अभ्यर्थियों ने ही आवेदन भेजे। 2 अगस्त को योजना की शर्तों में संशोधन किया गया। इसके पश्चात 115 और युवाओं ने कौशल विकास भत्ते के लिए आवेदन किया है। भत्ता युवाओं को दो वर्ष तक दिया जाएगा और मात्र उन्हीं युवाओं को जारी किया जाएगा जो वोकेशनल और डिप्लोमा कोर्स करते हों। सरकारी, गैर सरकारी या निजी निकायों में कार्यरत युवा आवेदन नहीं कर सकते हैं। डिग्री या प्रोफेशनल कोर्स करने वाले युवा भी योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे। आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। योगराज धीमान ने कहा कि कौशल विकास भत्ता की सुविधा देने के लिए 30 सितंबर को एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सभी पात्र संस्थानों के छात्रों को बुलाया गया है जिससे अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ा जा सके।
