अंतरजातीय विवाह पर दोगुनी राशि

हमीरपुर। अंतरजातीय विवाह करने वाले दंपतियों की पुरस्कार राशि को केंद्र सरकार ने दोगुना कर दिया है। पहली अप्रैल 2013 या इसके बाद शादी करने वाले दंपतियों को सरकार अब 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद जारी करेगी। पहले यह मदद 25 हजार रुपये ही मिलती थी।
अंतरजातीय विवाह पुरस्कार योजना केंद्र सरकार कल्याण विभाग के माध्यम से चला रही है। योजना के तहत अप्रैल 2013 से पहले प्रति दंपति को 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती थी। इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है। ऐसे में जिन दंपतियों की शादी पहली अप्रैल या बाद में हुई है, सरकार उसे 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद जारी करेगी। दंपति को 20 हजार रुपये नगद और 30 हजार रुपये की पांच वर्ष के लिए एफडी की जाएगी।
अप्रैल 2013 से अंतरजातीय दंपति को आर्थिक मदद 50 हजार रुपये दी जाएगी। पहले यह मदद 25 हजार रुपये दी जाती थी। केंद्र ने राशि को दोगुना कर दिया है।
-डा. केडी ठाकुर, जिला कल्याण अधिकारी

पिछले वित्त में आठ लाख बांटे
वित्तीय वर्ष 2012-13 में हमीरपुर में कुल 32 दंपतियों को आठ लाख रुपये की आर्थिक मदद जारी की गई है। वित्तीय वर्ष 2013-14 में अब तक 15 दंपतियों को तीन लाख 75 हजार रुपये की आर्थिक मदद जारी की जा चुकी है। एक मामला वर्ष 1992-93 का निपटाया गया है। दंपति को पांच हजार रुपये की मदद जारी की गई है।

Related posts