पर्यटकों को खींचने लगी रोहतांग की वादियां

रोहतांग (कुल्लू)। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग में भले ही बर्फ नहीं है लेकिन आसपास की चोटियां पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही हैं। हाल ही में ऊंची चोटियों में हुई बर्फबारी से यहां का नजारा निखरा हुआ है। साथ ही रोहतांग और मनाली में पर्यटकों की आमद भी बढ़ गई है।
चांदी जैसी चमक रही इन पहाड़ियों को देखकर देश-विदेश से आने वाले पर्यटक रोहतांग की ओर खींचे चले आते हैं। पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटल कारोबारियों के अलावा रोहतांग टॉप पर छोटा मोटा कारोबार करने वाले लोगो की भी बांछें खिल गई हैं। बर्फबारी की सूचना के बाद मनाली के पर्यटन कारोबार में करीब 15 से 20 फीसदी का इजाफा हुआ है। रोहतांग में घुड़सवारी कर पर्यटक यहां की वादियों का आनंद ले रहे हैं। पर्यटन कारोबारी सुरेश, रमेश, राजू, अनिल और मोहित ने कहा कि हाल ही में हुई बर्फबारी से पर्यटन कारोबार में उछाल आया है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि इस साल समय से पहले बरसात और उत्तराखंड त्रासदी से 20 जून के बाद पर्यटन कारोबार मंदा पड़ गया था। बरसात खत्म होने के बाद 15 सितंबर से पर्यटन कारोबार में इजाफा होने लगा है।
पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि दुर्गापूजा की छुट्टियां और दशहरे में पर्यटन कारोबार के गति पकड़ने की उम्मीद है। रोहतांग की वादियों में घूमने आए दिल्ली के अरविंद कुमार, शैलजा, सोनालिका, हरियाणा की सरोजनी, पंजाब के नवांशहर के दिलबाग सिंह और हरमेश सिंह ने बताया कि मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फ पड़ने की सूचना मिलते ही वे बर्फ का दीदार करने रोहतंाग आए हैं। मनाली टूरिज्म स्टेक होल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के बाद मनाली के पर्यटन कारोबार में बढ़ोतरी हुई है। उम्मीद जताई है कि दशहरे के समय पर्यटन कारोबार में इजाफा होगा।

Related posts