करोड़ों रुपये दबाए बैठे हैं विद्युत प्रोजेक्ट

भल्याणी (कुल्लू)। देवभूमि कुल्लू के नदी-नालों और पहाड़ों का सीना छलनी कर करोड़ों की कमाई में जुटे कुछ हाईडल प्रोजेक्टों के प्रबंधकों की विधानसभा प्राक्कलन समिति ने खूब क्लास ली। लाडा का पैसा जमा न करने पर समिति के अध्यक्ष ने परियोजना प्रबंधकों को समीक्षा बैठक में खूब लताड़ा। यह राशि करोड़ों में बताई जा रही है। आलम यह है कि इस कारण कई सड़कों का काम भी नहीं हो रहा।
शुक्रवार को बचत भवन कुल्लू में आयोजित प्राक्कलन समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष कुलदीप कुमार के तीखे तेवरों को भांप कर प्रोजेक्ट प्रबंधकों ने एक हफ्ते के भीतर लाडा का पैसा डीसी दफ्तर में जमा करवाने को कहा है। साथ ही समिति ने डीसी को मौके पर आदेश देकर जिले के पांच हाईडल प्रोजेक्टों पर भी शिकंजा कसने को कहा है।
बैठक में यह बात भी सामने आई है कि क्षेत्र में निर्माणाधीन सभी मिनी हाईडल प्रोजेक्ट जिला प्रशासन को सहयोग कर रहे हैं। तय समय पर लाडा का धन भी जमा करवाते हैं। एक मेगा हाईडल प्रोजेक्ट के अधिकारी ने बीच में तर्क दिया कि प्रशासन लाडा का धन समय सीमा पर खर्च नहीं कर रहा है। इस पर प्रोजेक्ट के साहब की खूब खिंचाई हुई।
कुल्लू घाटी में निर्माणाधीन मेगा हाईडल प्रोजेक्टों से जहां यहां के आसमान को छूते पहाड़ों के सीने छलनी और खोखले हुए हैं, वहीं प्राकृतिक सुंदरता से भी खिलवाड़ हुआ है। हजारों पर्यावरण मित्र इसकी भेंट चढ़े हैं। बावजूद इसके कुछ मेगा हाईडल प्रोजेक्टों के रूखे व्यवहार पर शुक्रवार को विधानसभा प्राक्कलन समिति ने खूब क्लास ली। साथ ही एक सप्ताह के अंदर लाडा के पैसे को जमा करने को कहा गया है। साथ ही हिदायत दी है कि अगर प्रशासन का सहयोग नहीं किया तो भविष्य में मेगा प्रोजेक्टों को इसका खामियाजा भुगतना होगा।
सख्ती से होगी धनराशि की वसूली
बार-बार के आदेश के बावजूद भी जिला के पांच मेगा बिजली प्रोजेक्टों ने तय समय पर लाडा का पैसा जमा नहीं करवाया। यह राशि करोड़ों में है। अब इनसे जल्द ही सख्ती से धन की वसूली की जाएगी। इस पैसे को विकास कार्यों पर समय पर खर्च कर विकास को गति दी जाएगी। विनय सिंह ठाकुर एडीएम कुल्लू

Related posts