
कुल्लू। प्रदेश विधानसभा प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि जिला कुल्लू में अनेक प्राकृतिक पर्यटन स्थल हैं इसलिए इन स्थलों का इक्को टूरिज्म के तहत दोहन कर पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देना होगा। इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। इससे राज्य सरकार को राजस्व भी मिलेगा। यह जानकारी उन्होंने प्राक्कलन समिति के साथ आयोजित अधिकारियों की बैठक में दी। अध्यक्ष और अन्य समिति सदस्यों ने जिला पर्यटन विभाग को निर्देश दिए कि जिले में अविकसित पर्यटन स्थलों को चिन्हित कर उनका विकास किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी जल विद्युत परियोजनाएं लाडा के तहत दी जाने वाली शेष राशि का शीघ्र भुगतान करें। करार के अनुसार 70 प्रतिशत रोजगार स्थानीय एवं हिमाचल के लोगों को दें। परियोजना के चलते विस्थापित परिवारों में से किसी एक को नौकरी भी दी जाए। सभापति ने जिला अधिकारियों को अन्य पिछड़ा वर्ग उपयोजना के लिए आवंटित बजट को पिछड़ा क्षेत्र के लोगों के उत्थान पर खर्च करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला प्रशासन को प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का सही आकलन कर प्रभावितों को उचित राहत राशि प्रदान करने को कहा। इस अवसर पर सभापति एवं समिति सदस्यों का स्वागत करते हुए डीसी राकेश कंवर ने सदस्यों को आश्वासन दिया कि प्रदेश द्वारा जारी धनराशि का सदुपयोग करके सरकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करें। इस अवसर पर समिति के सदस्य एवं विधायक महेश्वर सिंह ने सभापति एवं समिति सदस्यों का कुल्लू आने पर आभार जताया। बैठक में समिति के सदस्य महेंद्र सिंह, सरवीण चौधरी, महेश्वर सिंह, संजय रतन, रवि ठाकुर, मोहन लाल ब्रागटा, एसपी विनोद कुमार धवन और एडीएम सहित समस्त विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
