जांच में 14 छात्र गंभीर रोगों से पीड़ित

थानाकलां (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थानाकलां में स्वास्थ्य विभाग की टीम बंगाणा ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य जांचा। इस दो दिवसीय शिविर में करीब पांच पाठशालाओं पनेड़, ककराणा, खनेड़, घुघन कलां और थानाकलां के 800 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसमें आंख रोग, चर्म रोग व मिर्गी रोग से ग्रस्त 14 छात्रों को क्षेत्रीय अस्तपाल ऊना भेजा गया। स्वास्थ्य शिक्षक परविंद पटियाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा चैक करने पर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्यक्रम के दौरान छात्रों को दांतों के रोग, खून की कमी एवं पेट के रोगों से ग्रस्त पाया गया। इसके लिए विभाग की ओर से बच्चों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस शिविर में 60 से 70 फीसदी बच्चे एनीमिया रोग से पीड़ित पाए गए। विभाग की टीम द्वारा बच्चों को जंक फूड न खाने की सलाह दी गई। बच्चों को मौसमी फल एवं पत्तेदार हरी सब्जियां खाने की सलाह दी गई। गौरतलब है कि राज्य एवं केंद्र सरकारों की ओर से छात्रों को एनीमिया फ्री बनाने के लिए लाखों रुपये की राशि स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से प्रति वर्ष खर्च की जा रही है एवं साप्ताहिक लौह तत्वपूरक गोली बच्चों को अध्यापकों के सामने खिलाए जाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन फिर भी बच्चों में खून की कमी का पूरा न हो पाना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है। सीएमओ डा. जीआर कौशल ने बताया कि स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग इस मामले पर गंभीरता से कार्यरत हैं। काफी हद तक विभागों को इसमें सफलता भी मिली है। उन्होंने कहा कि बच्चों के अभिभावक भी उन पर विशेष ध्यान दें, जिससे बच्चों को पूर्ण रूप से रोग मुक्त करने में सफलता हासिल हो सके।

Related posts