
अंब (ऊना)। उपमंडल अंब में हुए दो गोलीकांडों और पुलिस की नाकामी के विरोध पर एकाएक पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। वारदातों के कारण लोगों में डर घर कर गया है। लोगों के डर को मिटाने के लिए पुलिस जवानों की दो टुकड़ियों ने अंब क्षेत्र में डेरा डाल दिया है। इन जवानों ने वीरवार को अंब मुख्यालय समेत आसपास के इलाकों में चहलकदमी भी की। वीरवार सुबह पुलिस जवानों की क्षेत्र में चहलकदमी के बाद डरे सहमे लोगों की जान में जान आई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से बातचीत भी की। जवानों ने अंब, मुबारिकपुर, गगरेट, दौलतपुर के बाद फिर अंब तक चहलकदमी की। हालांकि अश्वनी की गोली मारकर हत्या करने वाले नकाबपोशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का दावा है कि वह पूरी कोशिश कर रही है और कातिल जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। ऊना-कांगड़ा सीमा पर हुए गोलीकांड में भी अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि वारदातें हुई हैं, लेकिन कुछ शरारती तत्वों की ओर से भी अनावश्यक अफवाहें उड़ाकर लोगों को डराया जा रहा है। आम जनमानस को पुलिस की इस चहलकदमी के जरिए विभाग संदेश देना चाहता है कि पुलिस हर कदम, हर समय लोगों की हिफाजत के लिए तत्पर है। वहीं उन्हाेंने लोगों से अपील की है कि वे बिना किसी डर के जिंदगी जीएं और बेहिचक होकर पुलिस की मदद करें। संदिग्धों की सूचना नजदीकी थाना या चौकी में दें।
