बाणदू में महिला से स्नेचिंग

गगरेट (ऊना)। अंब उपमंडल की ग्राम पंचायत भद्रकाली के बाणदू में बुधवार रात तीन युवकों ने एक महिला के साथ स्नेचिंग करने का प्रयास किया। वारदात के दौरान शातिरों ने महिला के कानों से सोने की बालियां खींचने का प्रयास किया। तीनों बाइक पर सवार थे। हालांकि पुलिस एवं लोगों की मुस्तैदी के चलते तीनों को पकड़ लिया गया है। तीनों युवक पंजाब के होशियारपुर जिले से संबंधित बताए जा रहे है, इनमें से एक युवक इसी क्षेत्र का मूल निवासी भी है, लेकिन इन दिनों पंजाब के होशियारपुर में रह रहा है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वीना रानी निवासी भद्रकाली बाणदू बुधवार रात को अपने काम से जा रही थी कि इतने में बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने महिला पर हमला कर सोने की बालियां खींचने प्रयास किया। महिला के चिल्लाने से मौके पर गांववासी इकठ्ठे हो गए। पुलिस को सूचित करने के बाद चारों तरफ नाके लगा दिए गए, जिसके बाद दौलतपुर चौक पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई हरजीत सिंह के नेतृत्व कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो युवकों धर दबोचा। इनकी पहचान विक्रम सिंह पुत्र विशन देव गांव रोड़ा, बनेहड़ा तहसील अंब (ऊना) संसार सिंह पुत्र नरेंद्र गांव हरदोखान जिला होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई। इन दोनों की शिनाख्त पर तीसरे युवक को पुलिस ने गांव हरदोखान जिला होशियारपुर जाकर धर दबोचा। उसका नाम मनीष कुमार पुत्र कमल कुमार है। पुलिस ने तीनों युवकों पर आईपीसी की धारा 382 और 511 के तहत मामला दर्ज कर वीरवार को कोर्ट में पेश कर दिया। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि स्नेचिंग के मामले में तीन युवकों को पकड़ा गया है। इनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Related posts