
कुल्लू। विधायक कर्ण सिंह ने कहा है कि बंजार विधानसभा क्षेत्र में इस वित्तीय वर्ष में विभिन्न पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर दस करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वे बुधवार को सैंज घाटी की पंचायत देवगढ़ गोही में करीब 71.75 लाख की लागत से बनने वाली पेयजल योजना का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कर्ण सिंह ने बताया कि देवगढ़ गोही पेयजल योजना के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल आपूर्ति कार्यक्रम के तहत धनराशि आवंटित की है। इससे 14 बस्तियों के करीब 750 लोगों को पर्याप्त पानी मिलेगा। बताया कि बंजार विस क्षेत्र में इस समय 23 पेयजल योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं और इनके लिए 25.75 करोड़ की धनराशि का प्रावधान किया है। इसी वित्तीय वर्ष में करीब 2.75 करोड़ की लागत से 31 बस्तियों को पर्याप्त पेयजल मिलेगा। विधायक ने बताया कि किसानों और बागवानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 8.09 करोड़ की लागत वाली सात सिंचाई योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं। क्षेत्र में इस साल 14 हैंडपंप लगाने का लक्ष्य रखा है। इस मौके पर विधायक ने देवगढ़ गोही के खेल मैदान और चार दिवारी के लिए एक लाख और महिला मंडल गोही के लिए पचास हजार की धनराशि देने की घोषणा की। समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल, एसडीएम वीरेंद्र शर्मा, आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता पीवी वैद्य, अधिशासी अभियंता बीएल गुप्ता, बीडीसी कुल्लू के उपाध्यक्ष गोविंद ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
