स्की विलेज पर राजी नहीं आनी भाजपा

कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली में प्रस्तावित आधुनिक स्की विलेज के विरोध में जहां भाजपा और देव समाज की राय एक जैसी है वहीं कांग्रेसी इसे दबी जुबान में पर्यटन के लिए संजीवनी मान रहे हैं। हालांकि इस बारे में खुलकर कोई भी कांग्रेसी नहीं बोल रहा। नौ साल बाद नए प्रारूप तहत प्रस्तावित स्की विलेज को लेकर दर्जनों युवाओं को फिर से नौकरी की आस भी जगी है।
विश्व प्रसिद्ध मनाली क्षेत्र में बनने वाले स्की विलेज में पांच सितारा स्तर के 700 कमरों के निर्माण के अलावा यहां हजारों युवाओं को नौकरी देने की योजना है। दो हफ्ते पूर्व नए प्रारूप के साथ स्की विलेज को बनाने की तैयारी का कांग्रेस ने स्वागत किया है। आनी विस क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक खूबराम आनंद ने कहा कि स्की विलेज के लगने से कुल्लू-मनाली का पर्यटन बढ़ेगा। यहां बेरोजगारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। कहा कि निर्माण कंपनी को यहां की देव आस्था का ध्यान रखना चाहिए।
भाजपा मंडल आनी के प्रधान अमर सिंह ठाकुर ने कहा कि आनी भाजपा मनाली में प्रस्तावित स्की विलेज का कड़ा विरोध करती है। आगे भी वह अपने स्टैंड पर कायम रहेगी। भाजपा किसी भी सूरत में यहां देवभूमि की जमीन से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं देगी। समय आने पर इसका सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा। देवता कोट पुझारी के कारदार और जिला देवी देवता कारदार संघ के सह सचिव एवं पूर्व में आनी कारदार संघ के महासचिव भाग राम राणा ने कहा कि वे स्की विलेज का पहले से ही विरोध करते आए हैं। स्की विलेज की कंपनी को उस स्थल पर इसका निर्माण नहीं करना चाहिए, जहां देवी देवताओं के वास स्थल हैं। देवी-देवताओं के धार्मिक स्थलों से की जा रही छेड़छाड़ प्राकृतिक आपदाआें को बढ़ावा देना है।

Related posts