
कुल्लू। जिले के धार्मिक स्थल मणिकर्ण साहिब को जाने वाली सड़क की खस्ताहाल से सैलानी और श्रद्धालु परेशान हैं। मणिकर्ण साहिब से दर्शन कर लौटी पंजाब के लालड़ू इलाके की सिख संगत ने सड़क की दयनीय हालत को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सरकार को पत्र लिखकर इसकी जल्द रिपेयर करवाने की मांग की है।
संगत ने पत्र में भुंतर शहर से मणिकर्ण साहिब को जाने वाली सड़क की हालत का जिक्र किया है। साथ ही सड़क की रिपेयर और उसे चौड़ा करने की मांग की है। बीते दिन मणिकर्ण साहिब के दर्शन कर लौटे बलविंदर सिंह, गुरपाल सिंह, राजपिंदर सिंह, अशोक नारंग, कृष्ण चहल, धर्मवीर, जयपाल सिंह, सुरिंद्र सिंह, राजवीर सिंह, प्रितपाल बाछल, सुरजीत सिंह, कुलविंदर कौर, राजबीर कौर, बलविंदर कौर और अमन कौर ने बताया कि मणिकर्ण साहिब स्थित गुरुद्वारा साहिब श्री गुरू नानक देव जी से संबंधित है। वहां रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शनों के लिए आते हैं लेकिन भुंतर शहर से लेकर मणिकर्ण तक की सड़क की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है। करीब 35 किलोमीटर लंबी सड़क में जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। सड़क कई जगहों पर काफी तंग है। आलम यह है कि यहां से एक समय में सिर्फ एक ही वाहन गुजर सकता है। इसके चलते अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। संगत ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से आग्रह किया है कि सड़क की रिपेयर जल्द करवाई जाए।
