टाहलीवाल में बस पलटी

टाहलीवाल (ऊना)। स्थानीय बाजार के निकट सोमवार सुबह एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। इनमें से पांच लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य मामूली रूप से घायल हुए आठ लोग उपचार के लिए क्षेत्र के निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में चले गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना से सिंगा जा रही एक निजी बस नंबर एचपी 72-2699 कमानियां टूटने की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में लगभग 13 लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान बस पलट कर बिजली के पोल से जा टकराई, जिससे खंभा भी टूट गया। विद्युत पोल टूटते ही तारें आपस में उलझ गईं और विद्युत सप्लाई फेज उड़ने की वजह से ठप हो गई। अन्यथा हादसे के परिणाम गंभीर हो सकते थे। दुर्घटना के दौरान मामूली रूप से घायल हुए आठ लोग निजी अस्पतालों में चले गए, जबकि गंभीर रूप से घायलों में एक आठ माह के बच्चे सहित पांच लोगों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस में लगभग पच्चीस यात्री सवार थे। इनमें बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग भी शामिल थे। हादसे में गंभीर रूप से घायलों में सीमा देवी पत्नी जसविंद्र सिंह, उनका आठ माह का पुत्र विशांत, कमला देवी पत्नी रमेश चंद निवासी सिंगा, गुरवचन सिंह निवासी गुरपलाह बाथू, रमेश पाटिल निवासी उत्तर प्रदेश शामिल हैं। बस पलटने की सूचना मिलते ही टाहलीवाल बाजार के लोगों एवं राहगीराें ने घायलों को निकट के अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया। हरोली पुलिस थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उद्योगमंत्री ने पूछा कुशलक्षेम
टाहलीवाल (ऊना)। टाहलीवाल में बस पलटने की सूचना मिलते ही उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घटनास्थल पर पहुंच कर मुआयना किया एवं घायलों का कुशमक्षेम पूछा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार करवाने एवं अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के दिशा-निर्देश दिए। मौके पर एसडीएम ऊना धनवीर ठाकुर और हरोली के थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

Related posts