
ऊना (दुलैहड़)। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि भदसाली में सब्जी मंडी के निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं और इसके लिए सरकार ने 50 लाख की पहली किश्त भी जारी कर दी है। उन्होंने भदसाली में सराय के निर्माण का ऐलान भी किया।
अग्निहोत्री दुलैहड़ में छात्रों की अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने दुलैहड़ में स्टेडियम के निर्माण के लिए 1.25 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। जिन लोगों की जमीन स्टेडियम में आ रही है, उन्हें उतनी ही जमीन बाहर दी जाएगी, इसके लिए तहसीलदार को निर्देश दे दिए गए हैं। उद्योगमंत्री ने कहा कि अजौली से लालूवाल सड़क का निर्माण कार्य इन नवरात्रों में शुरू कर दिया जायेगा। इस सड़क के लिए केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने 13 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं, जिनमें साढ़े छह करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। शेष राशि हिमाचल का उद्योग विभाग वहन करेगा। उन्होंने कहा कि अजौली-पालकवाह-टाहलीवाल को जोड़ने वाली नई सड़क तैयार की जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री जीएस बाली द्वारा लालूवाल में जल्दी ही नए बस अड्डे का शिलान्यास किया जाएगा। इसके लिए 25 लाख की पहली किश्त जारी कर दी गई है। उद्योगमंत्री ने कहा है कि भाजपा के जो नेता पंचायत की गली या सामुदायिक केंद्र तो बना नहीं सकते, वह आज बीत एरिया प्रोजेक्ट की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के पास अगर उनके कार्यकाल में बीत एरिया सिंचाई योजना मंजूर होने का स्वीकृति पत्र है तो वे यह पत्र उन्हें दें। उन्होंने कहा कि अप्पर बीत एरिया के 16 गांवों की सिंचाई दिक्कतों को हल करने को लेकर 27.72 करोड़ रुपये लागत की इस योजना को मंजूरी दिलाने के लिए वह पिछले दिनों नई दिल्ली में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत से मिले थे। इस अवसर पर एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, उपनिदेशक सेकेंडरी आरसी टबयाल, हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, गोंदपुर बुला के प्रधान सतीश बिट्टू, गोंदपुर जयचंद के प्रधान, जिला परिषद सदस्य अमनदीप मोनी, वन निगम के निदेशक सुभाष, अशोक ठाकुर, एडवोकेट धर्म सिंह, पंचायत प्रधान यशपाल जस्सा एवं सतपाल सैणी सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
