
नादौन (हमीरपुर)। बैंक उपभोक्ताओं को फर्जी काल के सहारे ठगा जाने लगा है। ऐसा ही मामला नादौन में सामने आया है। इसमें उपभोक्ता के खाते से 1500 रुपये निकाल लिए गए हैं। उपभोक्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। जानकारी के अनुसार नादौन के कश्मीर सिंह भारती को 917761811238 फोन नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया। उसने खाते व एटीएम से संबंधित जानकारी पूछी। कहा कि आपका एटीएम सील हो गया है और नया एटीएम जारी किया जाएगा। कश्मीर ने बेटे का नंबर दे दिया और उससे बात करने का कहा। बेटे से बात करने के थोड़ी देर बाद उपभोक्ता के खाते से 1500 रुपये निकाल लिए गए। इसका मैसेज कश्मीर सिंह को आया। उसने बेटे से पूछा कि क्या आपने पैसे निकाले तो बेटे ने इनकार कर दिया। ऐसे में जिस नंबर से कॉल आई थी उस नंबर को मिलाया गया। वह नंबर डज नॉट एग्जिस्ट आया। नकदी निकासी होने वाले एटीएम की लोकेशन भी ट्रेस हो गई है। कश्मीर सिंह की मानें तो शिकायत पुलिस थाना नादौन में कर दी है लेकिन नादौन पुलिस शिकायत मिलने से इनकार कर रही है। क्षेत्र के एक व्यापारी को भी कॉल आई थी। उधर, पुलिस अधीक्षक बीएम शर्मा का कहना है कि मामले को लेकर कोई शिकायत आई होगी तो उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसबीआई बैंक के मैनेजर विजय कटोच ने बताया कि बैंक की ओर से कभी भी ऐसे फोन नहीं किए जाते हैं। उपभोक्ता सतर्क रहें, अपने एटीएम के बारे में फोन पर किसी को भी जानकारी न दें। एटीएम धारक का पिन नंबर पूछने का अधिकार किसी भी बैंक कर्मी या अन्य अधिकारी को नहीं है। किसी भी उपभोक्ता को अगर फोन कॉल आए तो सूचना बैंक या पुलिस को दें।
