एसजेवीएन करवाएगी पेंटिंग प्रतियोगिता

हमीरपुर। विद्युत मंत्रालय के सौजन्य से एसजेवीएन लिमिटेड प्रदेश में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इसमें चौथी से छठी कक्षा और सातवीं से नवमी कक्षा तक के छात्र भाग लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन तीन चरणों में करवाया जा रहा है। पहले चरण की प्रतियोगिता स्कूल स्तर पर होगी। चयनित 50 छात्रों को राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। चयनित तीन छात्र राष्ट्र स्तर पर पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
बीआरसीसी राजेश पठानिया ने बताया कि प्रथम श्रेणी के छात्रों के लिए पेंटिंग का शीर्षक सेव मनी, बिजली बचाओ हर घर में रोशनी लाओ और सेव वन यूनिट ए डे कीप पावर कट अवे रहेगा। दूसरी श्रेणी के छात्रों के लिए एनर्जी कंजर्वेशन, एनर्जी कंजर्वेशन इज फाउंडेशन ऑफ एनर्जी सिक्योरिटी और एनर्जी एफिसिएंट इज ए जर्नी नॉट डेस्टीनेशन शीर्षक रहेगा। स्कूल स्तर की प्रतियोगिता 27 सितंबर तक होगी। राज्य स्तर की प्रतियोगिता 12 नवंबर को शिमला में आयोजित की जाएगी। प्रथम रहे छात्र को दस हजार, द्वितीय को आठ हजार और तृतीय को पांच हजार की राशि दी जाएगी। इसके साथ ही सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता 12 दिसंबर को नई दिल्ली में होगी। छात्रों और उनके अभिभावकों को यात्रा और ठहरने की सुविधा का प्रबंध एसजेवीएन करेगा। प्रथम रहे छात्र को एक लाख, दूसरे स्थान पर 50 हजार, तीसरे स्थान पर 25 हजार और सांत्वना पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी। पठानिया ने समस्त स्कूलों से प्रतियोगिता करवाकर प्रविष्टियां बीआरसीसी कार्यालय में जमा करवाने का आग्रह किया ताकि प्रविष्टियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजा जा सके।

Related posts