
गोहर (मंडी)। गोहर के समीप फगरोट घन्याडी में एक घर से करीब 60 हजार रुपये का सोना लेकर फरार हुए चोर को गोहर पुलिस ने एक माह बाद सुंदरनगर शहर से पकड़ने में सफलता हासिल की है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने पुष्टि करते हुए बताया कि चोर की शिनाख्त चेतराम निवासी कैहढ राजगढ़ के रूप में की गई है। जिसने चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी ने गहने कहां छिपाए हैं, इस बारे में पूछताछ चल रही है। 21 अगस्त को चेतराम ने गोहर के फगरोट निवासी खेम चंद पुत्र प्यारे लाल के घर से करीब 60 हजार सोना, चांदी और अन्य जेवरात चुरा लिए थे। इसके बाद खेम चंद ने पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई थी। एक माह बाद गोहर पुलिस ने चोर का पता लगाकर उसे सलाखों के पीछे धकेल दिया है। हेड कांस्टेबल राजेश कुमार की टीम ने सूचना मिलने पर रविवार को सुंदरनगर में दबिश दी। जहां पुलिस को चेतराम को पकड़ने में कामयाबी मिल गई। उधर, सलाहर में पिछले दिनों 13 लाख के सोने, नकदी और लैपटॉप की चोरी के मामले में अभी तक पुलिस सुराग नहीं ढूंढ पाई है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने बताया पुलिस सलाहर चोरी मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
