लोस चुनाव को तैयार रहें कार्यकर्ता : जय राम

करसोग (मंडी)। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स देने के लिए करसोग भाजपा मंडल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें सराज के विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जय राम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक टिप्स दिए। रविवार को आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के केंद्र में दस साल निराशा जनक रहे हैं। केंद्र में कांग्रेस के दो बार सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार और महंगाई को बढ़ावा मिला है। देश का हर नागरिक अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहा है।
देश में यूपीए सरकार के विरोध में माहौल बन चुका है। भाजपा की ओर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद पर उम्मीदवार घोषित करने से कार्यकर्ता में नया जोश पैदा हुआ है। भाजपा ने लोक सभा चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में लोकसभा के प्रत्याशियों का चयन जल्द ही कर दिया जाएगा। कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वायदों को कांग्रेस सरकार भूल चुकी है। जिसमें पीटीए अध्यापकों को नियमित करने और बेरोजगारों को भत्ता देने का वायदा किया गया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोक सभा चुनाव के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आग्रह किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, प्रदेश सचिव त्रिलोक जम्वाल और जिला अध्यक्ष राकेश जम्वाल, करसोग के पूर्व विधायक हीरा लाल, मंडलाध्यक्ष मंहेद्र सत्या और कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts