
पतलीकूहल (कुल्लू) नग्गर के अरछंडी गांव में सुलगी चिंगारी से काष्ठकुणी शैली से निर्मित लकड़ी का मकान जलकर राख हो गया। सर्दी का मौसम शुरू होते ही स्थानीय निवासी प्रभु राम का परिवार सड़क पर आ गया है। रविवार दिन को हुए अग्निकांड की घटना में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जल गई। मकान से धुआं उठता देख अरछंडी गांव में अफरातफरी मच गई। लोग अपने स्तर पर स्प्रे पंपों और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे जो नाकाफी साबित हुए। हालांकि, कुल्लू से फायर ब्रिगेड भी पहुंची लेकिन तब तक काफी देरी होने से सब कुछ राख के ढेर में बदल चुका था। पतलीकूहल चौकी से पहुंची पुलिस टीम ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बिजली का शार्ट सर्किट होने को अग्निकांड का कारण माना जा रहा है। इस केस के सिलसिले में मकान मालिक के बयान लिए गए हैं। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस घटना के हर पहलू को परख रही है।
एसडीएम सुरेश जसवाल ने बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान के आकलन के लिए राजस्व महकमे के कर्मचारी रिपोर्ट तैयार करने के लिए घटनास्थल का मुआयना कर रहे हैं। अग्निकांड में प्रभावित परिवार को तय नियमावली के अनुसार राहत प्रदान की जा रही है
