
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने सख्त कदम उठाते हुए कर्मचारियों को स्पष्ट किया कि ईओ के आदेशों की पालना करें। अगर ऐसा नहीं होता है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह निर्देश नगर परिषद की शनिवार को आयोजित बैठक में दिए गए। बैठक में सभी कर्मचारियों को बुलाया गया था ताकि उन्हें आदेशों से अवगत करवाया जा सके। नगर परिषद अध्यक्ष दीप बजाज ने कहा कि सभी कर्मचारियों को ईओ विजय कुमार के आदेशों का पालन करना होगा।
नप को कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करने, ठेकेदारों के बिलों तथा अन्य बिलों का भुगतान करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। नप को बैंकों से नई चैक बुक जारी करवानी पड़ी। कारण, जिस अलमारी में चैक बुक रखी गई हैं, उसकी चाबियां पुराने साहब के पास ही हैं। नप अध्यक्ष ने बैठक में जानकारी दी कि दो तीन बार चाबियां प्रदान करने का आग्रह किया गया, लेकिन चाबियां नहीं मिल पाई हैं।
नप अध्यक्ष ने माना कि कार्यकारी अधिकारी के विवाद के कारण कर्मचारियों में भी असमंजस था, काम नहीं हो रहे थे। नप क्षेत्र में विवाद के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं। पिछली बैठक में निर्णय के पश्चात कर्मचारी आदेश नहीं मान रहे हैं। इसलिए स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी है।
एक की जमानत राशि जब्त, एक का टेंडर रद
नगर परिषद हमीरपुर की बैठक में दो ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। एक ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने को हरी झंडी दिखाई तथा जनहित में दूसरे ठेकेदार को आवंटित कार्य का टेंडर रद करने का निर्णय लिया गया। काम काफी समय से लटका हुआ था। नप के वार्ड नंबर दस में पुन: निर्माण के लिए रास्ते को उखाड़ा गया था, लेकिन अभी रास्ता नहीं बना है। नप की बैठक में संबंधित ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करने का निर्णय लिया गया।
दूसरे मामले में नप क्षेत्र में लगी हाई मास्ट लाइटें आठ नौ माह से बंद पड़ी हैं। नप ने लाइटों की मरम्मत के लिए आवश्यक सामान की खरीद के साथ ही मरम्मत का कार्य ठेकेदार को आवंटित कर दिया था, लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हुआ है। नप की बैठक में सदस्यों ने जनहित को देखते हुए आवंटित कार्य को रद करने का प्रस्ताव पारित किया। साथ ही कार्य का टेंडर दूसरे नंबर पर रहने वाले ठेकेदार को पुराने रेट पर आवंटित करने का निर्णय लिया गया।
वार्ड सदस्य के पास रिपोर्ट करेंगे कर्मचारी
शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अहम निर्णय लिया गया। सफाई कर्मचारी वार्ड सदस्य को रिपोर्ट करेंगे तथा सदस्य के निर्देशानुसार पूरा दिन कार्य को पूरा करेंगे। ठेकेदार को भी बैठक के पश्चात प्रत्येक वार्ड के लिए कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।
जो उखाड़ेगा उसी से वसूल करेंगे पैसा
नप क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति, विभाग गली, रास्ते को पाइप लाइन बिछाने, या अन्य कार्य के लिए उखाड़ता है तो संबंधित व्यक्ति विभाग से आंकलन के अनुसार राशि वसूली जाएगी। कार्य के लिए नगर परिषद की ओर से एनओसी भी इसी आधार पर जारी की जाएगी। नगर परिषद की बैठक में रास्तों, गलियों को हो रहे नुकसान को देखते हुए निर्णय लिया गया।
निकुंज
