योजनाओं का लाभ मिलने में देरी

हमीरपुर। जिला कल्याण विभाग पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं दे रहा है। योजना का लाभ मिलने में करीब एक या दो साल लग रहे हैं। ऐसा दुखड़ा लोगों ने सीपीएस एवं विधायक आईडी लखनपाल के समक्ष रोया।
जिला कल्याण समिति की बैठक सीपीएस आईडी लखनपाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त हिमांशु शेखर चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहे। योजनाओं की समीक्षा के दौरान एडीसी ने कल्याण विभाग को समय पर पात्र लोगों को योजना का लाभ न देने पर लताड़ लगाई। पात्र परिवारों को आवेदन करने के एक से दो साल में योजना का लाभ मिल रहा है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक मदद तुरंत पात्र परिवारों को मिलनी चाहिए। विभाग ने आवेदन की औपचारिकताएं निदेशालय पर पहुंचने और निदेशालय से वापस योजना की आर्थिक मदद पात्र परिवार को मिलने के बारे में जानकारी दी। हालांकि पहले योजना के तहत आर्थिक मदद की राशि डीपीओ के तहत जारी होती थी। इससे पात्र को लाभ समय पर मिलता था। विभाग ने यह भी सुझाव दिया कि जिला प्रशासन या डीपीओ को आर्थिक मदद की राशि जारी करने की शक्तियां दी जाएं तभी एक सप्ताह के भीतर पात्र परिवार को योजना का लाभ मिल सकेगा। सीपीएस आईडी लखनपाल ने प्रपोजल सरकार को भेजने के आदेश दिए ताकि पात्र परिवारों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।

Related posts