
सिहुंता (चंबा)। समोट पंचायत के डुखर गांव के निवासी लो वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। गांव में लंबे अरसे से बिजली की आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं हो रही है। इस कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लंबरदार रतन सिंह, ओंकार सिंह, रणबीर सिंह, जीवन सिंह, बलवान सिंह, गगन सिंह, भगवान सिंह, करनैल सिंह, रघुनाथ सिंह, लता देवी, कमलेश राणी, कृष्णा देवी, अनीता देवी, राम दुलारी, पंकज सिंह, चतर सिंह, चिमनी देवी, तिलक सिंह, पवन सिंह, सुभाष, सन्नी ठाकुर, चैनो राम, अंकल सिंह, भूषण, पृथो राम, करतार सिंह और मान सिंह ने बताया कि गांव में वोल्टेज कम होने के कारण न तो उनकी ट्यूब लाइटें जलती हैं, वहीं बल्ब की रोशनी भी इतनी कम होती है कि स्कूली बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले डुखर गांव में लो वोल्टेज की समस्या हल करने के लिए ट्रांसफार्मर लगाया गया था, इसे अब कहीं दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है। इस कारण अभी भी गांव में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि डुखर में ट्रांसफार्मर लगाया जाए। ऐसा न होने पर ग्रामीण आंदोलन करने पर उतारू हो जाएंगे। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता राकेश धीमान ने बताया कि उन्हें ऐसी जानकारी नहीं मिली है।
