घास रखने से रोका तो कर दी पिटाई

तीसा (चंबा)। स्थानीय थाना में तीन भाइयों की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। ग्राम पंचायत जनवास के गांव सुईंला निवासी चमन सिंह, कर्म चंद और बेदी राम पुत्र प्रभ दयाल ने पुलिस शिकायत की है कि जब वे तीनों भाई शुक्रवार दोपहर एक बजे के करीब अपने घर में काम कर रहे थे तो उसी समय उनके गांव के दो लोग प्रकाश और सूरत वहां आए और उनके घर की दीवारों के साथ अपनी घास रखने लग पड़े। उन्होंने प्रकाश और सूरत को घर के साथ घास रखने के लिए मना किया। इस बात को लेकर वे दोनों भड़क गए और गाली गलौज करने लगे। इसी दौरान प्रकाश और सूरत के अन्य रिश्तेदार भी वहां आ गए और उन्हें पत्थरों, कुदाली और दराट से मारने लगे। मारपीट में तीनों भाइयों को चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि गांव वालाें ने वहां पर आकर उनकी जान बचाई। उन्होंने कहा कि उन्हें मारने वालों में दो एसपीओ भी शामिल थे। नंद लाल, किशन चंद, डिबरू, बैजा राम, तेज लाल, बसंती, रजनी, संत्या और माधु ने उन्हें पत्थरों से पीटा है। इसके अलावा कुदाली और दराट से भी वार किए हैं। इन तीनों भाईयों का तीसा अस्पताल में शुक्रवार को मेडिकल करवाया गया। इसके बाद शनिवार को जिला अस्पताल चंबा में एक्सरे करवाया गया। डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts