
ऊना। जिला मुख्यालय से सटे एक गांव में नाबालिग बच्ची ने अपने पिता पर दुराचार का आरोप लगाया। इस तरह के सनसनीखेज आरोप लगने के बाद आरोपी आत्महत्या करने के मकसद से कुएं में कूद गया। ग्रामीणों ने आरोपी को बड़ी मशक्कत के बाद कुएं से बाहर निकाला। पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है। उससे दो वर्ष बड़े उसके भाई ने मामला पंचायत में पहुंचाया तथा पिता द्वारा उसकी बहन से दुराचार की बात कही। पंचायत के समक्ष अपने भाई के साथ खड़ी पीड़ित लड़की ने भी अपने पिता पर दुराचार का आरोप जड़ डाला। पंचायत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पीड़ित छात्रा का भी पुलिस ने मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट आने का पुलिस को इंतजार है। पीड़ित लड़की की मां का करीब आठ वर्ष पहले देहांत हो गया था।
पुलिस के अनुसार पंचायत प्रधान ने घटना की सूचना दी थी। इस पर पुलिस की टीम मौके पर गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस सदर थाना लेकर आई है। जहां उससे कड़ी पूछताछ जारी है। आरोपी ने भी इल्जाम लगाया है कि उसका बेटा उसे पिछले दो तीन दिन से हर रोज पीट रहा है, जिससे उसे चोटें भी आई हैं। एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि छात्रा का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट आते ही आगे कुछ कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की बारीकी से छानबीन की जा रही है। उधर, पंचायत की प्रधान ने कहा कि पंचायत में मामला आया था, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। आरोपी कुएं में कूदा था, जिसे लोगों ने बचा लिया।
