जनहित-भाजयुमो ने रोकी नांदेड़ साहिब ट्रेन

ऊना। नांदेड़ साहिब ट्रेन को रेलवे बजट में घोषणा के बावजूद ऊना से न चलाने के विरोध में जनहित मोर्चा एवं अन्य संगठनों ने शनिवार देर सायं रेलवे स्टेशन पर रेल मंत्रालय एवं केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की।
ऊना से दिल्ली जाने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन को रोककर रेल मंत्रालय तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं ने करीब दस मिनट तक रेल लाइन पर खड़े होकर रेल को रोके रखा। रेलवे पुलिस के जवानों को भी प्रदर्शनकारियों पर नजर रखने के लिए तैनात किया गया था। शनिवार को देर शाम जनहित मोर्चा के रेल रोको हक लो आंदोलन में भाजपा प्रदेश भाजपाध्यक्ष एवं ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह भी अपने दल बल सहित पहुंचे। नारेबाजी से कार्यकर्ताओं ने माहौल को गरमाया। ऊना जनहित मोर्चा के चेयरमैन नवदीप कश्यप व प्रवक्ता राजीव भनोट ने रेल रोको आंदोलन का समर्थन करने वाले सभी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए इस मामले पर लंबी लड़ाई शुरू करने का ऐलान किया। वहीं जनहित मोर्चा के साथ इस संघर्ष में भाजयुमो, शिव सेवा मंडल शिवनगर, हिमाचल व्यापार मंडल, महिला मंडल ऊना, युवा शिव शक्ति क्लब मलाहत, राष्ट्रीय किसान मोर्चा, अमर क्लब, सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सतपाल सत्ती ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की सरकारें सदैव हिमाचल के साथ भेदभाव करती रही हैं। कांग्रेस इस मसले पर चुप्पी साधे हुए है। सत्ती ने कहा कि जनता के इस आंदोलन का भाजपा पूर्ण समर्थन करेगी और जरूरत पड़ने पर इस संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा, जिला भाजपाध्यक्ष बलवीर बग्गा, मंडलाध्यक्ष रमेश भड़ौलियां, भाजयुमो के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष बलराम बबलू, महिला नेत्री संतोष सैनी, सतपाल सैनी, उर्मिला चौधरी, पुष्पा देवी, लखवीर लक्खी, राजन सहोड़, राजकुमार पठानिया, भाग सिंह, बलविंद्र गोल्डी, ईश कुमार ग्रोवर, सुरजीत सैनी, शिवकुमार, तरसेम शर्मा, संजीव कुमार, पंकज कतना, पुनीत मैहन, राजेश कौशल, भूपेंद्र सिंह, चरणजीत अटवाल, अवतार घुग्गी, विनोद पुरी सहित अनेक संगठनों के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts