
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। क्षेत्र के गसोती पुल के पास ल्हासा गिरने से राष्ट्रीय उच्चमार्ग-88 करीब पौना घंटा बाधित रहा। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। विभाग ने मलबा हटाया और उसके बाद ही यातायात सुचारू हो सका।
यात्रियों में नरेश कुमार, प्रदीप कुमार, अक्षित, राहुल शर्मा, पंकज राय, निखिल, रूप लाल आदि का कहना है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे गसोती पुल के पास राजमार्ग पर ल्हासा गिरने से सड़क मार्ग करीब पौने घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। जाम में फंसे लोगों ने संबंधित विभाग को समस्या के प्रति अवगत करवाया। इसके बाद विभाग ने मौके पर जेसीबी भेजकर राजमार्ग से मलबा हटाया। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को खासी परेशानी हुई है। राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लंबे रूटों पर चलने वाली बसें एक घंटा देरी से गंतव्य पर रवाना हुई हैं।
उधर, एनएच विभाग के अधिशासी सतीश नाग का कहना है कि राजमार्ग के बंद होने की सूचना मिलते ही विभाग ने मौके पर जेसीबी भेजकर यातायात को बहाल कर दिया है। उन्होंने बताया कि राजमार्ग पर ल्हासा गिरने से राजमार्ग अवरुद्ध हुआ है।
