
दाड़लाघाट (सोलन)। मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह की वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान दाड़लाघाट में कार पार्किंग को लेकर बाप और बेटा एक महिला कांस्टेबल से उलझ पड़ेे। बहसबाजी के दौरान दोनों आपे से बाहर हो गए। आरोपी बेटे ने महिला कांस्टेबल के साथ हाथापाई की और उसे जोर का धक्का देकर गिरा दिया। इस हादसे में महिला को चोटें भी आई हैं। दोनों बाप बेटे पर सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने, गाली-गलौच करने जैसे संगीन आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला का सीएचसी दाड़लाघाट में मेडिकल करवाया जा रहा है। मुकदमा दर्ज होने और मेडिकल करने की पुष्टि डीएसपी दाड़लाघाट विनोद कुमार ने की है।
पुलिस के मुताबिक घटना शुक्रवार दोपहर करीब पौने बारह बजे की है। महिला कांस्टेबल दाड़लाघाट चौक पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान ड्यूटी तैनात थी। इसी दौरान बिलासपुर नंबर की कार सीमेंट उद्योग की तरफ से आई। कार चालक ने कार बीच चौक पर लगा डाली। जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। महिला कांस्टेबल ने चालक को कार हटाने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों की बहस होने लगी। चालक गुस्साया और उसने गाली गलौच करना शुरू कर दिया। लेडी कांस्टेबल ने जब सख्ती की तो व्यक्ति ने जोर से धक्का देकर उसे नीचे गिरा दिया। जिससे उसे चोटें भी आईं हैं। महिला कांस्टेबल के अनुसार लड़ाई के बीच में कार में बैठा आरोपी का पिता भी आ धमका तथा उसने भी महिला कांस्टेबल को अपने रुतबे का रौब दिखाने लगा। कांस्टेबल ने पुलिस कक्ष से सहायता मांगी। इससे पहले की पुलिस पहुंचती दोनों बाप-बेटा मौके से फरार हो गए हैं। डीएसपी दाड़लाघाट विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 353, 332, 504, 506 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस महिला कांस्टेबल का मेडिकल करवा रही है। वीवीआईपी मूवमेंट मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह की थी। वह सुंदरनगर में युवा महोत्सव के समापन पर जा रही थी।
