
तय तारीख पर नहीं मिल रही रसोई गैस
मानपुरा (सोलन)। सनेड़ पंचायत के आधा दर्जन गांवों के लोगों को घरेलू रसोई गैस की सप्लाई न मिलने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां पर 17 सितंबर को गैस वितरण की तिथि निर्धारित की गई है, बावजूद इसके चार दिन अतिरिक्त बीत जाने के बाद भी लोगों को गैस की सप्लाई नहीं हुई है। लोग तीन-तीन किलोमीटर दूर से हर रोज सिलेंडर सिर पर उठा कर लाते हैं और दिन भर इंतजार करने के बाद वापस खाली वापस लौट जाते हैं। इसके कारण लोगों में खासा रोष है।
सनेड़ पंचायत के बागवानियां, कसंबोवाल, हांडा कोंडी, घराट, नालका, धाना, भवानी पुरा, कसंबोवाल और कनेता गांव के साढ़े तीन सौ परिवार चार दिनों से रसोई गैस को लेकर चक्कर काट रहे हैं। इन गांवों की गैस बागवानियां में वितरण होती है। यहां पर माह की 17 तारीख निर्धारित की गई थी। सनेड़ पंचायत के प्रधान कमल चौधरी, गुरचरण दास, भगतराम, नरायण दास, बलदेव, जगदेव सिंह, जोगिंद्र सिंह, जयपाल सिंह और जगतार सिंह के अनुसार पहले लोग बागवानियां में दुकानों में सिलेंडर रख लेते हैं लेकिन चोरियां बढ़ने से कोई भी दुकानदार अपनी दुकान में सिलेंडर नहीं रख रहा है। अधिकांश लोग उद्योगों के काम पर जाने के कारण महिलाएं हर रोज सिलेंडर सिर पर उठा कर ला रही है, लेकिन हर रोज उन्हें खाली सिलेंडर लेकर वापस जाना पड़ रहा है।
वहीं इस संबंध में नालागढ़ की गैस एजेंसी के संचालक एचएस राणा ने बताया कि अब हर उपभोक्ता से पहले टेलीफोन से जानकारी लेने के बाद ही बुकिंग की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने बैंक व गैस एजेंसी में आधार कार्ड जमा करा दिए हैं उन्हें सिलेंडर पूरी कीमत का सिलेंडर मिल रहा है और जिन लोगों ने आधार कार्ड जमा नहीं करवाया है, उन्हें सिलेंडर अभी तक अनुदान राशि के साथ दिया जा रहा है। यह सब जांच करने के बाद ही सप्लाई जारी की जा रही है। बागवानियां में 21 सितंबर को ट्रक भेजा जाएगा। गैस की कोई कमी नहीं है।
